Five days workshop on eco tourism (day-1)

Five days workshop on eco tourism (day-1)
Date: 16-03-2026

*प्रेमनगर में इको टूरिज्म कार्यशाला का शुभारंभ, युवाओं को मिला प्रकृति संरक्षण का संदेश*

जिले के शासकीय नवीन महाविद्यालय, प्रेमनगर में राष्ट्रीय उच्च शिक्षा अभियान (RUSA) के अंतर्गत “इको टूरिज्म” विषय पर पाँच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला 16 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें विद्यार्थियों को इको टूरिज्म की अवधारणा, महत्व और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है।

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारी सुश्री रेखा जायसवाल ने की। कार्यक्रम में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल मिश्रा विशिष्ट अतिथि तथा जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुहीम फाउंडेशन के संचालक श्री ऋषिकेश ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में इको टूरिज्म पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना और सरस्वती वंदना के साथ हुई। अतिथियों का तिलक, बैच और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

सुश्री रेखा जायसवाल ने इको टूरिज्म को प्रकृति संरक्षण और सतत विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। डॉ. राजकमल मिश्रा ने पर्यटन को आर्थिक विकास का प्रमुख साधन बताते हुए रोजगार सृजन और विदेशी मुद्रा अर्जन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री महेंद्र कुमार यादव ने प्रेमनगर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को उजागर करते हुए युवाओं से इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

श्री ऋषिकेश ठाकुर ने छत्तीसगढ़ में इको टूरिज्म की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए बताया कि यह स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर प्रदान करता है और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक श्री हीरालाल सिंह ने किया। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

यह कार्यशाला विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार पर्यटन और स्थानीय विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Gallery